जैसलमेर जिले के नाचना नहरी क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर में गिरे एक युवक का शव करीब 45 घण्टे की मशक्कत के बाद बृहस्पतिवार को निकाला गया। नहर से निकाले गए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार, 1185 आरडी पर मंगलवार की सायं कपड़े धोते समय मुकेश का पांव फिसलने से वह नहर में गिर गया था। नागौर जिले की मूंडवा तहसील का रहने वाला युवक सोलर प्लांट में कार्यरत था। सूचना मिलते ही गोताखोरों व स्थानीय लोगों ने शव को खोजने का प्रयास किया, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिल पाई। इसके बावजूद गोताखोरों ने अपनी कोशिश जारी रखी और बृहस्पतिवार को युवक का शव निकालने में कामयाबी हासिल हुई।