एक कार नाले में फंसी देख लोग मदद को आए। कार में लेटे शख्स को बीमार समझ कर जगाने की कोशिश की तो वह उठा नहीं बल्कि कार में आए अन्य लोग मौका पाकर फरार हो गए।
दरअसल, कार में जो व्यक्ति लेटा था उसकी मौत काफी देर पहले हो चुकी थी और कुछ लोग इसे लेकर जा रहे थे। तभी कार नाले में फंस गई। घटना अलवर जिले के बहरोड़ थाना इलाके की है। यहां सैनिक कैंटीन के पीछे सुबह करीब आठ बजे सेसाड़ा मंदिर रोड पर एक इनोवा कार नाले में फंसी देखी तो लोग मदद के लिए दौड़े। इस कार में कुल पांच लोग बताए जा रहे हैं जिनमें एक अंदर सीट पर लेटा हुआ था और बाकी चार कार को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे।
लोगों की भीड़ जुटी तो चारों मौका पाकर फरार हो गए। इस दौरान वहां लोगों ने सीट पर सोए व्यक्ति को जगाया तो वह उठा नहीं। काफी देर मशक्कत की तो सामने आया कि वह तो डेडबॉडी थी। उसका चेहरा ढका हुआ था।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वह भी एक बार सन्न रह गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा इस मामले में पूछताछ के लिए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने हत्या की अशंका जताई और कार में सवार लोग शव को ठिकाने लगाने जा रहे थे।