प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने व पार्टी की आगामी रणनीति बनाने के लिए 22, 23 और 24 मई को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर जिलेवार प्रमुख कांग्रेसजनों से विचार-विमर्श किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, प्रदेश सहप्रभारी विवेक बंसल, काजी मोहम्मद निजामुद्दीन, देवेन्द्र यादव व तरुण कुमार की उपस्थिति में संगठन के भावी कार्यक्रमों को निर्धारित करने के लिए प्रमुख कांग्रेसजन अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे। सूत्रों के मुताबिक इस कार्यक्रम में तीन दिनों तक जिलेवार मंथन होगा। इनमें 22 मई को बून्दी, कोटा शहर व देहात, झालावाड़, बारां, राजसमन्द, जोधपुर शहर व देहात, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, भीलवाड़ा जिलों पर चर्चा होगी।
इसके बाद 23 मई को टोंक, सवाईमाधोपुर, धौलपुर, भरतपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, पाली, उदयपुर शहर व देहात, बीकानेर शहर व देहात, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों में संगठन की स्थिति पर मंथन होगा। वहीं, 24 मई को अजमेर शहर व देहात, सीकर, चूरू, करौली, नागौर, झुन्झुनूं, अलवर, दौसा, जयपुर देहात व जयपुर शहर का मंथन होगा।
जिनमें जिला कांग्रेस कमेटियों के जिलों के प्रभारी प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, सांसद एवं विधायक, लोकसभा चुनाव—2014 एवं विधानसभा चुनाव—2013 के कांग्रेस प्रत्याशी, संबंधित जिले में निवास करने वाले एआईसीसी पदाधिकारी, जिले में निवास करने वाले प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य, पीसीसी सदस्य, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, विभागों व प्रकोष्ठों तथा राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष भाग लेंगे।