अजमेर शहर में दिनदहाड़े एक बार फिर बाइकर्स गैंग ने वृद्धा को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली। इससे महिला को चोट भी लगी है।
क्रिश्चयनगंज थाना पुलिस मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, अजमेर शहर के बसंत विहार काॅलोनी में रहने वाली वृद्धा सावित्री शर्मा अपने परिचित के यहां जवाहर नगर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उनके पास एक बाइक आकर रुकी, जिस पर दो लड़के सवार थे। सावित्री शर्मा ने बताया कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारा और चेन तोड़कर तेज रफ्तार में बाइक चलाकर फरार हो गए। शर्मा ने बताया कि झपट्टे से उसके गले पर चोट भी लगी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मय जाप्ते के मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर वृद्धा से बदमाशों के हुलिए की जानकारी ली। पुलिस ने शहर भर में नाकाबंदी भी करवाई, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।