जोधपुर जिले के बालेसर में शुक्रवार रात को हुए हुकमाराम हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को बालेसर बंद रखा। आक्रोशित लोगों ने हाइवे भी जाम रखा। मामले में पुलिस पर गुमराह करने के आरोप लगने के बाद एसपी डॉक्टर रवि द्वारा अनुसंधान अधिकारी भी बदल गया था। इसके बाद भी ग्रामीणों का आक्रोश नहीं थमा।
दरअसल, पिछले शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने बालेसर निवासी हुकमाराम पुत्र चैनाराम की हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव सेतरावा मेगा हाइवे के पास स्थित धोरों में गाढ़ दिया। जिसके बाद शनिवार को ग्रामीणों ने शव को उठाने से इंकार कर दिया और विरोध प्रदर्शन कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। जहां ग्रामीणों ने किसी स्थानीय व्यक्ति का हत्या में हाथ बताया है।
वहीं, पुलिस द्वारा हुकमाराम की हत्या लूट की नीयत से होना बताने पर ग्रामीण भडक़ गए थे। जिसके बाद आज एक बार फिर ग्रामीण विरोध पर उतर गए है और एनएच—125 पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। साथ ही आरोपियों की जल्द गिरतारी करने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश की।