जयपुर के प्रताप नगर इलाके में कॉलेज की एक छात्रा से छेड़छाड़ और अपहरण करने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से सहमी छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया तो अपहरण में नाकाम युवक कार लेकर वहां से भाग गया।
वारदात के बाद छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी। फिर प्रताप नगर थाने में केस दर्ज करवाया। थानाप्रभारी इस्लाम खान के मुताबिक कार नंबरों के आधार पर आरोपी युवक की पहचान कर ली है। युवक से पूछताछ की जा रही है। पीड़िता युवती के बयान होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पुलिस के मुताबिक 20 वर्षीया युवती प्रताप नगर के एक अपार्टमेंट में रहती है। वह एक नामी कॉलेज की छात्रा है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे वह कॉलेज की बस से घर लौट रही थी। बस ने छात्रा को द्वारिकापुरी सर्किल के पास उतार दिया। इसके बाद वह पैदल ही घर जा रही थी। तभी पीछा करते हुए आ रही एक कार छात्रा के पास आकर रुकी। उसमें से एक युवक बाहर निकला। उसने छात्रा से छेड़छाड़ कर जबरन उसे अपहरण कर कार में पटक कर ले जाने का प्रयास किया। लेकिन छात्रा के संघर्ष कर चिल्लाने से आसपास से गुजरे वाहन चालक रुके तो कार सवार आरोपी युवक वहां से भाग निकला।