कोटपूतली के एक निजी अस्पताल में भर्ती गर्भवती बेटी से मिलने जा रही एक महिला को बीती देर रात को तेज रफ्तार ट्रोले ने पनियाला मोड़ के पास कुचल दिया। जिससे महिला की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा उनका गंभीर घायल हो गया। हैरत की बात यह मां की सांसें थमने के चंद देर बाद ही बेटी ने अस्पताल में मासूम बच्ची को जन्म दिया। लेकिन वह मां की दर्दनाक मौत से अनजान रही।
पनियाला पुलिस ने बताया कि कोलीला गांव, बहरोड़ निवासी 45 वर्षीय मीरा देवी अपने बेटे देवेंद्र के साथ मंगलवार रात को कोटपूतली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती गर्भवती बेटी से मिलने जाने को घर से रवाना हुई थी। उनकी बेटी प्रसव पीड़ा से जूझ रही थी। रात करीब साढ़े दस बजे मां बेटे पनियाला मोड़ के पास पहुंचे। तभी तेज रफ्तार ट्रोले ने पीछे से बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे मीरा देवी बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गई और ट्रोला उन्हें कुचलते हुए गुजर गया।
सूचना मिलने पर पनियाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर मीरा देवी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर मीरा देवी के घर में मातम छा गया। दूसरी तरफ मां की मौत के बाद बेटी ने बच्ची को जन्म दिया। हादसे की वजह से हाइवे पर आंशिक जाम रहा। तब पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर हादसे के बाद मौके पर ट्रोला छोड़कर भाग निकले चालक की तलाश कर रही है। पनियाला थाना पुलिस ने ट्रोले को जब्त कर लिया है।