सूने मकानों में नकबजनी की वारदातें करने वाले एक बदमाश को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में अपहरण व बलात्कार के दो मुकदमे दर्ज हैं तथा अन्य बदमाशों की गैंग के साथ जुड़ाव है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विकास मीना उर्फ मौसम मीना उम्र 24 साल है। वह रामजीवन जी की ढाणी, कोलाणा थाना कोलवा जिला दौसा का रहने वाला है। यहां रूप नगर, हीरावाला, नायला रोड पर रहता है।
आरोपी विकास ने किरायेदार कमल शर्मा के रोड नं. 2, बाबा गौशाला के पास, हीरावाला स्थित मकान के ताले तोड़कर कम्प्यूटर व एल.सी.डी. तथा अन्य सामान चोरी करने की वारदात करना स्वीकार किया है। जिससे चोरी गया सामान बरामद किया जा रहा है।
डीसीपी ने बताया कि बढ़ती हुई चोरी व नकबजनी की वारदातों के संबंध में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व हनुमान प्रसाद के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त बस्सी पुष्पेन्द्र सिंह, थानाधिकारी कानोता गौरीशंकर, हैडकांस्टेबल नंदकिशोर, कांस्टेबल छुट्टनलाल, महेन्द्र व कालूराम की टीम गठित की गई थी। पूछताछ में मुखबिर से सूचना मिली कि कि कई चोरियों में विकास का हाथ है। तब पुलिस ने उसे गिरफ्त में ले लिया।