37 मोबाइल फोन, 5 लेपटॉप व नकदी जब्त
- फोटो : Vishnu Sharma
नोएडा से कॉल सेंटर में युवतियों से टेली कॉलिंग के जरिए लुभावने झांसे देकर देशभर में लोगों से करोड़ों रुपए हड़पने वाले गिरोह ने अलग अलग बैंकों में 23 खाते खुलवा रखे थे। इनमें कुछ खाते अपने और परिवार, रिश्तेदारों के नाम से खुलवा लिए। बाकी बैंक खाते फर्जी आईडी और दस्तावेजों से खुलवाए।
जयपुर के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में गिरोह के 23 बैंक खाते होना सामने आया है। जब्त दस्तावेजों से पता चला कि इन बैंक खातों में पिछले छह माह में करीब 6 करोड़ रुपए जमा करवाए गए थे। यह बैंक खाते सेंट्रल बैंक आॅफ इंडिया, पीएनबी, सिंडीकेंट बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, आईसीआईसीआई, एसबीआई, एसबीबीजे, इंडसइंड बैंक, आईडीबीआई बैंक, आंध्रा बैंक, केनरा बैंक, फेडरल बैंक, ओरिएंटल बैंक आॅफ कॉमर्स, कोटक महेंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक में हैं।
उल्लेखनीय है कि जयपुर कमिश्नरेट के अशोक नगर थाने में भगवान सहाय नाम के व्यक्ति ने गिरोह के संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी कर करीब 42 लाख रुपए हड़पने का मामला अप्रैल माह में दर्ज करवाया था। तब से जयपुर क्राइम ब्रांच की टीम और साइबर सेल इस गिरोह के बारे में तकनीकी जानकारी जुटा रही थी। जिसमें डीसीपी विकास कुमार के निर्देशन में सबइंस्पेक्टर मनोज कुमार ने अहम रोल निभाया। उन्होंने आरोपियों के घर व आॅफिस का पता ढूंढ निकाला। इसके बाद स्पेशल टीम ने वहां पहुंचकर जानकारी जुटाई और गुरुवार को क्राइम ब्रांच ने नोएडा पहुंचकर कॉल सेंटर पर छापा मार दिया।
पांच साल पहले एेसे शुरू हुआ था ये ठगी का खेल
नोएडा स्थित ठगी का कॉल सेंटर
- फोटो : Vishnu Sharma
डीसीपी क्राइम विकास पाठक के मुताबिक आरोपियों के पास से 37 मोबाइल फोन मय सिम एवं 24 सिम अतिरिक्त, 5 लैपटॉप, एक लाख रुपए नकद, 23 इंटरकॉम फोन, वॉकी-टॉकी अन्य कागजात व मोहरे मिली है। पुलिस ने इनके विभिन्न बैंकों में 12 लाख 50 हजार रुपए भी सीज कर दिए हैं। आरोपी विभिन्न कंपनियों के नाम से लोगों को फोन कर ठगी करते थे।
डीसीपी पाठक ने बताया कि इस गिरोह के सरगना और कॉल सेंटर संचालक मोहम्मद इकराम ने करीब पांच साल पहले इंडो स्पायर जर्नी लिमिटेड कंपनी बनाकर एक कॉल सेंटर शुरू किया था। इसके बाद युवतियों से टेलीकॉलिंग करवाकर लोगों को लुभावनी स्कीम व आॅफर बताकर उन्हें रुपए निवेश करने का झांसा देकर ठगी करनी शुरु कर दी। पांचों गिरफ्तार आरोपी इस कंपनी के निदेशक है।