राजस्थान क्रिकेट संघ के नव निर्वाचित अध्यक्ष सीपी जोशी ने चुनाव जीतने के तुरंत बाद कहा कि उनका फिलहाल एक ही लक्ष्य है आरसीए पर लगे बैन को हटवाना। जोशी ने जीत पर सभी का आभार प्रकट किया है।
जानकारी के अनुसार सीपी जोशी अभी गुवहाटी में हैं। जोशी के अनुसार वह सभी जिला संघ के साथियों के साथ मिलकर काम करने का प्रयास करेंगे। साथ ही राजस्थान में क्रिकेट का और किस तरह से विकास किया जा सके इसके लिए भी वे रणनीति तैयार कर चुके है। वहीं उन्होंने दबी जुबां में यह भी स्वीकार किया है कि आरसीए में काफी चुनौतियां है और वे गुटबाजी से दूर रहकर राजस्थान में क्रिकेट को बढ़ाने का काम करेंगे। वहीं दूसरी और जोशी के जीत की खबर आते ही राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें बधाई दी है।
आरसीए के चुनाव में सीपी जोशी के खिलाफ पूर्व आईपीएल कमिश्नर के बेटे रुचिर मोदी खड़े थे। जोशी ने रुचिर के मुकाबले 5 वोट ज्यादा हासिल कर जीत दर्ज की। जानकारी के अनुसार कुल 33 वोटों में से जोशी को 19 वोट मिले और रुचिर मोदी को 14 वोट ही मिल पाए।