राजस्थान हाईकोर्ट ने ऑल इंडिया आयूष पीजी प्रवेश परीक्षा-2017 में जयपुर शहर के एक सेंटर पर हुई सामूहिक नकल के मामले में राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
न्यायाधीश आलोक शर्मा की एकलपीठ ने यह आदेश सुभाष सैनी व अन्य की ओर से दायर याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई करते हुए दिए। याचिका में कहा गया कि गत 6 अगस्त को कूकस स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। याचिका में आरोप लगाया गया कि इस परीक्षा में सामूहिक नकल हुई। बिना रोल नंबर आवंटित किए परीक्षार्थियों को पास-पास बैठाया गया और अनधिकृत व्यक्तियों को भी केन्द्र में बिना रोक-टोक प्रवेश होने दिया गया। याचिका में कहा गया कि इसकी शिकायत आमेर थाना पुलिस को करने के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों को भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। जिस पर सुनवाई करते हुए एकलपीठ ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है।