मुख्यमंत्री ने कहा है कि मेरे ऊपर लोकदेवता बाबा रामदेव का आशीर्वाद है। मैंने जब भी प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि के लिए बाबा से कुछ मांगा है वो मुझे मिला।
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे आज जैसलमेर के रामदेवरा में लोकदेवता बाबा रामदेव पेनोरमा का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि रामसापीर के आशीर्वाद से पश्चिमी राजस्थान में तेल के विपुल भण्डार मिले। उन्हीं के आशीर्वाद से प्रदेश में देश की पहली रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल काॅम्प्लेक्स लगने जा रहा है। साथ ही लाइमस्टोन और ग्रेनाइट की खदानें भी मिली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा रामदेवजी के पेनोरमा के दर्शन कर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु उनके जीवन से प्रेरणा ले सकेंगे। इसी उद्देश्य से सरकार ने लोक देवताओं तथा महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास को विश्व में विख्यात करने के लिये पेनोरमा निर्माण का काम हाथ में लिया है।
मुख्यमंत्री ने पेनोरमा परिसर में मोलासर का पौधा भी लगाया और वन विभाग के अधिकारियों को पेनोरमा परिसर में छायादार पौधे लगवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने प्रदेश में धार्मिक स्थलों एवं आस्था केन्द्रों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।