राजस्थान यूनिवर्सिटी में बी.कॉम के पांच पेपर निरस्त करने के मामले में विरोध छह दिनों से लगातार जारी है। छात्रों ने मंगलवार को विवि के दोबारा परीक्षा करवाए जाने के कदम का विरोध किया। छात्र-छात्राएं कुलपति सचिवालय के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी की। उन्होंने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।
छात्रों के जमा होने का सिलसिला सुबह से ही जारी था। धीरे-धीरे छात्रों की संख्या बढ़ने लगी। किसी भी तरह के हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस का खासा जाब्ता भी मौजूद था। विद्यार्थियों ने विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा दोबारा से करवाने का फैसला निरस्त करने की मांग की। विद्यार्थियों का कहना था कि पेपर लीक प्रकरण में जो लोग दोषी हैं, उन्हें सजा दी जाए। उनकी गलती की सजा सभी का पेपर निरस्त करके बेकसूर विद्यार्थियों को क्यों दी जा रही है। इससे विद्यार्थिंयों का भविष्य दांव पर लग जाएगा।
उधर, विवि प्रशासन ने कहा कि छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की गई है, परिणाम जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे। 30 जून तक इन परीक्षाओं के परिणाम जारी करने की बात कही गई है। विवि ने जो तिथियां जारी की है, उन पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।