महर्षि दयान्नद सरस्वती यूनिवर्सिटी की ओर से राजस्थान में रविवार को पीटीईटी परीक्षा 2017 आयोजित की गई। परीक्षा में 93 फीसदी परीक्षार्थी मौजूद रहे। चाक चौबंद इंतजामों के बीच हुई परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ का समाचार नहीं मिला।
एमडीएस यूनिवर्सिटी की ओर से बीएससी बीएड और बीए बीएड के 4 वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए पहली पारी में परीक्षा हुई। दो वर्षीय कोर्स के लिए दूसरी पारी में परीक्षा हुई। दूसरी पारी दोपहर 2 से 5 बजे तक हुई। परीक्षार्थियों ने प्रदेश के 602 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा दी। परीक्षा में एक लाख सीटों के लिए दो लाख 32 हजार परीक्षार्थियों ने पंजीकरण करवा रखा था।
परीक्षा में आए पेपर को विद्यार्थियों ने पिछले साल की तुलना में आसान बताया। पेपर में जीके, मेंटल एबिलिटी, हिन्दी, अंग्रेजी समेत अलग अलग विषयों के सवाल पूछे गए। कहा जा रहा है कि परीक्षा का परिणाम मई के अंत तक जारी कर दिया जाएगा। अगले माह में इसकी काउंसलिंग शुरू हो जाएगी। अजमेर में परीक्षा के दौरान एमडीएस यूनिवर्सिटी की कुलपति कैलाश सोढ़ानी व परीक्षा समन्वयक बीपी सारस्वत ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया।