राजस्थान यूनिवर्सिटी में घूमर के धमाल के बाद एक बार फिर से सांस्कृतिक बहार देखने को मिली। शुक्रवार को विवि परिसर में कल्चरल इवेंट पणिहारिन की रंगारंग शुरुआत हुई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने एकबारगी तो समां बांध दिया। इनमें फिल्मी गीतों के साथ ही राजस्थानी लोकगीतों पर भी सुंदर प्रस्तुतियां दी गई। विवि के विधि महाविद्यालय में सालाना जलसा पणिहारिन धूमधाम के साथ शुरू हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि जयपुर मेयर अशोक लाहोटी थे। लाहोटी ने जहां कार्यक्रमों की तारीफ की, वहीं कहा कि आज जिन्हें हम युवा कह रहे हैं, वहीं कल जाकर देश का भविष्य तय करेंगे। ये नींव तैयार करने का काम करेंगे जिसके भरोसे पर विकास हो सकेगा। कार्यक्रम में गायन, लोक नृत्य ने जहां तालियां बटोरी, वहीं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भी रोचक अंदाज में छात्र छात्रा नजर आए। इस मौके पर विधि महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष अमित बड़बड़वाल भी मौजूद थे।