भारत भ्रमण पर निकला सूरत से 45 युवतियों का एक बाइकिंग ग्रुप आज अजमेर पहुंचा है जहां इस ग्रुप ने ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर जियारत की। जानकारी के अनुसार महिला बाइकर्स का यह ग्रुप गुजरात से भारत यात्रा पर निकला हुआ था और अपनी यात्रा लगभग पूरी करने के बाद यह ग्रुप बुधवार को अजमेर पहुंचा। ग्रुप की सदस्याओं ने ख्वाजा साहब की मजार पर मखमली चादर और अकीदत के फूल पेश कर देश में बेटियों की स्थिति मजबूत करने की मांग की।
दल का नेतृत्व कर रही डाॅ.सारिका मेहता ने बताया कि 19 जुलाई को सूरत से बाइक यात्रा शुरू की गई थी। ये यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर होते हुए दिल्ली पहुंची ,जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद सभी बेहद खुश नजर आए।
मेहता ने बताया कि 10,000 किलोमीटर और 13 राज्य के सफर का असली मकसद बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिला सशक्तीकरण है। ग्रुप की सभी सदस्य ख्वाजा साहब की बारगाह में हाजरी देने भी पहुंची। यहां उन्होंने ख्वाजा साहब से यात्रा की सफलता का शुक्रराना भी अदा किया।