नवंबर 2016 में बीकानेर की एक युवती से मैट्रिमॉनियल साइट के जरिए 56 लाख रुपए ठगने वाले दो नाइजीरियाई ठगों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।
जीवन साथी डॉट कॉम के नाम से संचालित वेब साइट के जरिए बीकानेर की युवती से शादी का झांसा देकर 56 लाख की ठगी करने के मामले में बीकानेर पुलिस ने नाइजीरिया के सैम्युअल चिरंगा और नॉन सो को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा ने बताया कि बीकानेर की महिला के साथ 56 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में पुलिस ने 11 नम्बर 2016 को एक महिला वकील समेत चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था जहां गिरफ्तारी के समय आरोपितों से तीन लाख रुपए नकद बरामद किए गए थे।
पुलिस जांच में इस गैंग के तार नाइजीरिया से जुड़े होने का पता चला। 29 नवम्बर 2016 को बीकानेर सदर थाना क्षेत्र निवासी नीतू शर्मा ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवाद दर्ज कराते हुए अपने साथ हुई ऑनलाइन ठगी के बारे में जानकारी दी।
आरोपितों ने बीकानेर में शिवराम एन्टरप्राइजेज तथा अभय गुप्ता के नाम से खाते खुलवाए गए। दोनों जगह खातों में एक ही व्यक्ति की फोटो लगी हुई थी। इन खातों में करीब 49 लाख 42 हजार रुपए डलवाए गए।
टीम ने खातों तथा इनसे जुड़े मोबाइल की डिटेल का विश्लेषण कर जाल बिछाया तथाकथित खाताधारक अनिल कुमार उर्फ अभय गुप्ता निवासी झारखंड वास्तविक नाम अजीत कुमार यादव निकला जिसे गिरफ्तार कर शिनाख्त परेड के लिए जेल भेजा गया है।
इसके अलावा बाड़मेर जिले के समदड़ी हाल बालोतरा निवासी श्रवणसिंह सोढ़ा, जोधपुर निवासी वीरेन्द्रनाथ उर्फ महाराज गोस्वामी एवं पेशे से अधिवक्ता गुड़गांव निवासी अनिता को गिरफ्तार किया गया था।