राजस्थान क्रिकेट संघ के हाल ही में हुए चुनाव के बाद डॉ सी पी जोशी को अध्यक्ष चुना गया है। खिलाड़ियों ने सोचा था कि अब राजस्थान क्रिकेट के अच्छे दिन आ जाएंगे, लेकिन आरसीए की परेशानियां खत्म नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार बीसीसीआई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आरसीए का निलंबन तब तक खत्म नहीं होगा जब तक ललित मोदी नागौर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बने रहेंगे। गौरतलब है कि हाल ही में आरसीए की ओर से बीसीसीआई को पत्र लिखकर निलंबन खत्म करने की मांग की गई थी। राजस्थान में पिछले तीन वर्ष से कोई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं हुआ है।
आईपीएल मैचों पर भी यहां प्रतिबंध लगा हुआ। जिसके कारण आरसीए को जहां भारी आर्थिक नुकसान हुआ है वहीं राजस्थान में क्रिकेट भी प्रभावित हो रहा है। लोढा कमेटी के सिफारिशों के अनुसार हुए आरसीए के चुनाव के बाद आस बंधी थी कि आरसीए व राजस्थान क्रिकेट के अच्छे दिन लौटेंगे लेकिन ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है।