युवक को पेट्रोल उड़ेलकर जिंदा जलाने का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले युवक को जबरन पेट्रोल पिलाया। चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने युवक को बचाया।
मामला राजस्थान के जोधपुर जिले के फलौदी कस्बे से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, फलौदी के मालियों का बास निवासी किशोर माली और कुछ लोगों में लेनदेन को लेकर विवाद था। इसके चलते अज्ञात लोगों ने फलौदी कस्बे के गुचियों की बगीची के पास पहले किशोर को जबरन पेट्रोल पिलाया। इसके बाद उस पर पेट्रोल उड़ेलकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। युवक किशोर के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। इस पर आरोपी किशोर को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
इसके बाद लोगों ने किशोर को फलौदी के राजकीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया। किशोर की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जोधपुर रेफर कर दिया। जहां जोधपुर में उसका इलाज चल रहा है।