जालौर के भीनमाल के पास स्थित एक गांव में खुदाई के दौरान खजाना मिलने का मामला सामने आया है। जैसे ही आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली खजाना देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, भीनमाल के कावतरा गांव में कुछ मजदूर निर्माण कार्य के लिए खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कुछ बजने की आवाज सुनाई दी। सावधानी पूर्वक खुदाई करने पर जमीन से एक घड़ेनुमा बर्तन निकला। बाहर निकालकर देखा तो उसमें सिक्के भरे हुए थे। जैसे ही आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो लोग कौतुहलपूर्वक खजाने को देखने के लिए मौके पर पहुंच गए। इन्हीं में से किसी व्यक्ति ने पुलिस को भी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खुदाई में मिले सिक्कों को जब्त कर लिया है।
ये सभी सिक्के वर्ष 1860 और 1906 के बताए जा रहे हैं। जब्त किए गए सिक्कों की संख्या करीब 200 बताई जा रही है। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ सिक्के खुदाई कर रहे मजदूर अपने साथ ले गए। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि ये सिक्के चांदी के हैं या अन्य किसी धातु से बने है अभी कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल इनकी जांच के बाद ही पता लग सकेगा कि बरामद हुए सिक्के कौनसी सदी के हैं।