जो साथ जीवन बिताने के सपने संजो रहे थे, उनके साथ होनी ने एेसा किया है कि दोनों की अब अर्थियां उठेंगी। जयपुर में तड़के हुए दर्दनाक हादसे में एक मार्मिक पक्ष भी सामने आया है। मरनेवालों में एक एेसा जोड़ा भी शामिल है, जो शादी के सपने देख रहा था। दोनों की दस दिन पहले ही सगाई हुई थी।
जयपुर शहर में मंगलवार सुबह नमक से भरे ट्रोले के नीचे कार दबने के हुए दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में जयपुर के लक्ष्मीनारायणपुरी निवासी केशव शर्मा है। साथ ही मालवीय नगर व रामगंज निवासी रोशनी शर्मा, अवंति शर्मा व नीतेश भी मृतकों में सम्मलित है। इनमें केशव व रोशनी की सगाई दस दिन पूर्व ही हुई थी। ये दोनो 29 नवंबर को विवाह बंधन में बंधने वाले थे। लेकिन मंगलवार सुबह नमक से भरा ट्रोला इनके लिए काल बनकर आया। वहीं मृतकों में सम्मलित ज्योति व रोशनी सगी बहनें थी। जबकि अवंति इनकी चचेरी बहिन थी। इसके अतिरिक्त नीतेश अवंति का भाई था।
एक साथ हुई पांच मौत से तीन परिवार बिखर गए हैं। मौत की सूचना मिलने के बाद जयपुर के एसएमएस अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। वहीं शहर में हुआ दर्दनाक हादसा लोगों में चर्चा का विषय बन गया है।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने ट्रोला चालक को गिरफ्तार करने के लिए शहर में नाकाबंदी कराई। पुलिस से जुड़े सूत्रों के अनुसार ट्रोला चालक के हैल्पर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।