प्रदेश के बीकानेर से लगते पाकिस्तान बॉर्डर पर शुक्रवार दोपहर कुछ ऐसा घटित हुए जिससे बीएसएफ के अधिकारी व जवान सकते में है। दरअसल मामला बीकानेर के खाजूवाला सेक्टर का है। जब शुक्रवार दोपहर एक युवक भारतीय सीमा से तेजी से बॉर्डर फेंसिंग की ओर भागता नजर आया। लेकिन इससे पूर्व कि वहां से कुछ दूर गश्त कर रहे बीएसएफ जवान उसे पकड़ पाते वह बॉर्डर फेंसिंग को क्रॉस कर पाकिस्तान में भाग गया।
जब तक बीएसएफ जवान उस स्थान तक पहुंचे तब तक युवक पाकिस्तान की सीमा के काफी अंदर तक भाग गया। अचानक हुई इस घटना से गश्त कर रहे जवान सकते में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही बीएसएफ के डीआईजी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद भारतीय सीमा के गांवों में तलाशी ली गई व युवक के बारे मे जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी है। इस सबंध में पाकिस्तान से भी पूछा गया है। घटना के बारे में जोधपुर मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है। आईजी ने घटना की जांच के आदेश दे दिए है।