जयपुर के मुहाना इलाके में रहने वाले एक एएसआई की बेटी ने बीती देर रात को घर पर चुन्नी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बुधवार अलसुबह घटना का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। तब मुहाना पुलिस ने शव को उतरवाकर मोर्चरी पहुंचाया। खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चला है। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट मिलने से इंकार किया है। युवती के बाएं हाथ पर सॉरी लिखा हुआ था। कुछ दिन पहले ही मृतका का बीए फाइनल की परीक्षा का रिजल्ट आया था। जिसमें नंबर अच्छे नहीं आने से वह गुमसुम रहने लगी थी।
जानकारी के अनुसार एएसआई सीताराम दौसा जिले के सलेमपुर थाने में तैनात है। उनका परिवार मुहाना इलाके के हाज्यावाला गांव में रहता है। उनकी 20 वर्षीया बेटी मिनाक्षी मंगलवार रात को रसोई में गई थी। जहां उसने दरवाजा बंद कर चुन्नी से फंदा लगा लिया। काफी देर तक वह रसोई से बाहर नहीं निकली। तब परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। तब दरवाजा तोड़कर देखने पर मीनाक्षी फंदे पर लटकते हुए नजर आई तो परिजनों की बदहवास हो गए।
जांच अधिकारी एसआई सुरेश कुमार ने बताया बीए फाइनल की परीक्षा परिणाम आने के बाद से मीनाक्षी गुमसुम थी। दोपहर के समय में परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे और उसने रसोई में जाकर फंदा लगा लिया। मृतका के बाएं हाथ पर सॉरी लिखा हुआ था। एएसआई सीताराम मूल रुप से दौसा जिले के रहने वाले है। लेकिन पत्नी की अस्वस्थता के चलते उनका परिवार हाज्यावाला, मुहाना में रहता है।