रंगदारी वसूली के लिए धमकी देने का सिलसिला थम नहीं रहा है। एक और ज्वैलर से बदमाशों ने 50 लाख की मांग की है। ज्वैलर ने यह राशि देने से इनकार किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसे धमकी भरे लहजे में कहा गया है कि तेरा काउंट डाउन शुरू हो गया है।
रंगदारी के लिए पैसे मांगने का यह मामला भी राजस्थान के जोधपुर शहर में सामने आया है। यहां मेड़ती गेट इलाके के निवासी मुकेश सोनी घोड़ो के चौक इलाके में रमेश चंद्र ज्वैलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। ज्वैलर ने इस संबंध में जोधपुर के सोजती गेट पुलिस चौकी में आरोपी हरेंद्र जाट के खिलाफ रिपोर्ट दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, ज्वैलर के मोबाइल पर आरोपी हरेंद्र जाट ने आज इंटरनेट कॉल कर 50 लाख की फिरौती मांगी। इस दौरान मुकेश सोनी और आरोपी के बीच तीखी बहस भी हो गई और व्यापारी ने राशि देने से साफ मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने व्यापारी को अंजाम भुगतने की धमकी दी है। साथ ही, चेतावनी दी हैं कि अब से तेरा काउंटडाउन शुरू हो गया है।