सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित जगन्नाथ यूनिवर्सिटी के पास एक ढाबे पर मंगलवार रात चाय पी रहे 3 छात्रों पर कार सवार अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फायरिंग में तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर पहुंची चाकसू पुलिस ने मौका मुआयना कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस प्रथमदृश्टया इस घटना को छात्रों और हमलावरों के बीच आपसी रंजिश से जोड़कर देख रही है।
पुलिस के अनुसार रात करीब 10:30 बजे रामपुरा गांव के पास एक ढाबे पर दौसा निवासी लोकेश मीणा,झालावाड़ निवासी राहुल धाकड़,और कोटा निवासी संतोष वर्मा चाय पी रहे थे कि तभी अचानक काले रंग की कार में बैठकर आए कुछ अज्ञात लोगों ने उनपर फायरिंग कर दी जिसमें तीनों छात्र बुरी तरह घायल हो गए।
फायरिंग के बाद ढाबे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। फायरिंग को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए वहीं सूचना मिलते ही चाकसू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां लोकेश व राहुल की स्थिती गंभीर बनी हुई है।बदमाशों की पहचान करने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से फुटेज खंगाल रही है। तीनों छात्र जगन्नाथ यूनिवर्सिटी में अलग अलग संकाय के छात्र है।