लाइक के नाम पर 3700 करोड़ की ठगी करने वाले अनुभव मित्तल की कपंनी एबलेज इंफो सॉल्यूशन लिमिटेड कंपनी के खिलाफ गाजियाबाद में अब तक 518 शिकायतें पुलिस को मिली हैं।
यह शिकायतें डीआईजी और एसएसपी कार्यालय में ई-मेल और डाक से आई हैं। एसएसपी ने सभी थानों को उनके क्षेत्र के शिकायती पत्र भेजे हैं। सीओ सेकेंड ने बताया कि अब एबलेज इंफो के खिलाफ एक और एफआईआर कराई जाएगी। इससे पहले गाजियाबाद पुलिस ने कविनगर थाने में एबलेज इंफो के खिलाफ एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी जांच नोएडा की एसआईटी को भेजी गई है।
नोएडा स्थित सेक्टर-63 में चलने वाली ऑनलाइन एबलेज इंफो कंपनी के फर्जीवाड़े का एसटीएफ ने खुलासा किया था। इसमें कंपनी के मालिक अनुभव मित्तल सहित कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इस कंपनी पर आरोप है कि इसने निवेशकों के 3700 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी।
57 हजार से लेकर 10 लाख रुपए तक लगे हैं
anubhav mittal (file photo)
- फोटो : अमर उजाला
सीओ सेकेंड के मुताबिक, इस कंपनी का एक दफ्तर आरडीसी में भी था, जिसे सील कर दिया गया है। सभी 518 शिकायतों की थानों के हिसाब से जांच होगी और रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इसके बाद इसकी जांच एसआईटी को भेज दी जाएगी। पुलिस को मिली शिकायतों में कई प्रपत्र ऐसे हैं, जिनमें एक ही परिवार के कई लोग ठगी के शिकार हुए हैं।
सीओ सेकेंड ने बताया कि पुलिस को मिली शिकायतों में लोगों के 57 हजार रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक लगे हैं। राजनगर के रहने वाले नेहरा परिवार के करीब आठ लोगों के कंपनी में 10 लाख रुपये फंसे हैं। वहीं, शिवानी शर्मा का कहना है कि उनकी तीन आईडी कंपनी में लगी हैं, जिनमें करीब डेढ़ लाख रुपये फंसे हैं।