पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में लुटेरों ने एक हिंदू व्यापारी पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, शनिवार को बलूचिस्तान के हब जिले के गदानी इलाके में यह घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, एक सीमेंट फैक्टरी के समीप लूट का विरोध करने पर अज्ञात हमलावरों ने पिता-पुत्र को गोली मार दी। मेडिकल औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार को दोनों शव सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बीच, लासबेला के सीनियर एसपी मोहम्मद हाशिम ने बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के सलाहकार दानिश कुमार के साथ हिंदू समुदाय के लोगों से मुलाकात की और इस घटना पर शोक जताया।
हाशिम ने कहा, हमलावरों को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया है। जल्द ही हमलावर पुलिस की हिरासत में होंगे। उन्होंने कहा, ‘हिंदुओं के रिहायशी इलाके में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं। हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करना पुलिस की जिम्मेदारी है।’ बलूचिस्तान में हिंदू समुदाय के व्यापारी अक्सर अपराधी समूहों के निशाने पर रहते हैं।