कोलकाता में बुधवार रात एक अभिनेत्री से छेड़छाड़ के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस से मामले की शिकायत की है। जानकारी के अनुसार, घटना साल्ट लेक इलाके में उस समय हुई जब अभिनेत्री अपने घर लौट रही थी। इस दौरान कुछ युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी।
समाचार एजेंसी पीटीआई की खबर के अनुसार, फिल्म अभिनेत्री ने अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। अभिनेत्री ने बिधन नगर पुलिस थाने में दी गई अपनी शिकायत में कहा है कि रात में साल्ट लेक इलाके में जब वह घर लौट रही थी उसी दौरान कार सवार कुछ युवकों ने उससे छेड़खानी का प्रयास किया।
आरोपी युवकों ने अल्टडांगा क्रॉसिंग से अपनी कार से उसका पीछा करने के बाद ओवरटेक किया। कार सवार आरोपी भद्दी टिप्पणियां और अश्लील इशारे कर रहे थे। स्थानीय पुलिस के अनुसार, इस दौरान अभिनेत्री ने कार की तस्वीरें ले लीं और गुरुवार सुबह दी शिकायत में रजिस्ट्रेशन नंबर भी लिखकर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।