उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला स्थित सैदपुर के टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में उस समय अफरातफरी मच गई जब कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव की सभा के दौरान भीड़ में बैठे एक युवक ने खुद के शरीर पर पेट्रोल डाल कर आग लगा लिया। आग की लपटें देख कर मौके पर पुलिस कर्मियों ने पहुंच कर आग बुझाई।
युवक को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। युवक का नाम सत्येंद्र बताया जा रहा है और उसने कोटेदार के खिलाफ अधिकारियों से शिकायत भी की थी। उसके द्वारा की गई शिकायत पर कोटेदार के खिलाफ कार्यवाही तो नहीं की लेकिन सत्येंद्र के खिलाफ ही पुलिस में रिपोर्ट लिखा दी गई।
( शिवपाल के कार्यक्रम की तस्वीर/ ब्यूरो अमर उजाला, गाजीपुर )
उसे पुलिस लगातार परेशान कर रही थी। मंगलवार को जब शिवपाल सिंह गाजीपुर पहुंचे तो वो यहां फरियाद सुनाने आया था जहां उसे फिर से पुलिस ने रोक लिया। इन सब से परेशान होकर उसने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली।
बताया जा रहा है कि सत्येंद्र गाजीपुर के नंदगंज थाना के पास किशोहरी गांव का है। इसके पिता का नाम राम सूरत बिंद है। आत्मदाह का प्रयास करने में उसके शरीर का सत्तर फीसदी हिस्सा जल गया था।