भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट कोच में एक सहयात्री युवक ने युवती से छेड़खानी की। युवती ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी। यह घटना उस वक्त हुई जब ट्रेन गया स्टेशन से आगे चली थी। सूचना पर पहुंचे जीआरपी के जवानों ने युवक को मुगलसराय में उतार लिया।
मुकदमा दर्ज करके उसको पहले कोर्ट फिर जेल भेज दिया गया। जमशेदपुर की रहने वाली युवती नई दिल्ली में रहकर पढ़ाई करती है। मंगलवार की शाम वह 22823 अप भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के एच-1 कोच के केबिन एफ में टाटानगर से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। उसी केबिन में झारखंड के पूर्वी सिंहभूमि जिले के खडगझार थानांतर्गत टेल्को गांव निवासी युवक संतोष पाल भी नई दिल्ली के लिए सवार हुआ। मंगलवार की रात करीब ग्यारह बजे संतोष युवती को सोता देख छेड़खानी करने लगा।
तब तक ट्रेन गया स्टेशन से निकल चुकी थी। उसकी हरकतों से नाराज हो युवती ने इसकी सूचना कोच सुपरिंटेंडेट को दी। कोच सुपरिंटेंडेंट ने इसकी सूचना मुगलसराय कंट्रोलरूम को दी। ट्रेन के रात करीब डेढ़ बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन पहुंचने पर मुगलसराय राजकीय रेलवे पुलिस ने युवती से तहरीर लेकर युवक को ट्रेन से उतार लिया। एसएसआई केएन मौर्या ने बताया कि बुधवार को संतोष का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।