सार
एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस ने पीएम मोदी के खिलाफ ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन किया। ऐसे में अब युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने इस विरोध प्रदर्शन का बचाव किया है। उन्होंने अमेरिका संग व्यापार समझौते को किसानों और आम जनता के खिलाफ बताते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी समिट के नहीं, बल्कि देशहित से किसी भी समझौते के विरोध में है।
एआई समिट में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन पर सियासत
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के पांचवे दन भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ 'शर्टलेस' प्रदर्शन किया। इसके चलते सियासत में खूब गर्माहट देखने को मिला। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी सातवें आसमान पर पहुंच गया। ऐसे में अब युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब इस पूरे विरोध प्रदर्शन के बचाव में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि गुस्साए युवा अब चुप नहीं रहेंगे। उनके मुताबिक 'पीएम कॉम्प्रोमाइज' सिर्फ नारा नहीं, बल्कि बेरोजगार युवाओं का गुस्सा है।
चिब ने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ किया गया व्यापार समझौता किसानों और आम जनता के हितों के खिलाफ है और इससे सिर्फ अमेरिका को फायदा होगा। चिब ने साफ किया कि पार्टी एआई समिट के खिलाफ नहीं है, लेकिन भारत के हितों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जब देश के किसानों के साथ समझौता हो रहा है, जब युवा बेरोजगार हैं और उन्हें नफरत की राजनीति में उलझाया जा रहा है, तब क्या हम चुप रहें? यह देश 1.4 अरब लोगों का है।
ये भी पढ़ें:- क्या भारत वेनेजुएला से खरीदेगा तेल?: विदेश मंत्रालय ने साफ किया रुख; बोला- व्यावसायिक लाभ होने पर लेंगे फैसला
पीएम मोदी पर चिब का सीधा हमला
इस दौरान प्रधानमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए चिब ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि जनता भी चुप रहे। अगर हम महात्मा गांधी के रास्ते पर चलना जानते हैं, तो भगत सिंह के रास्ते पर चलना भी जानते हैं। हम देश के युवाओं और किसानों के हितों से समझौता नहीं होने देंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वे सड़कों पर विरोध करते हैं तो उन्हें रोका जाता है और सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ पोस्ट आईटी नियमों के नाम पर हटाई जाती हैं।
ये भी पढ़ें:- AI Impact Summit: एआई समिट में प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार
भारत मंडपम में प्रदर्शन, फिर सियासत
बता दें कि इससे पहले युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट स्थल पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी शर्ट उतारकर पीएम 'पीएम कॉम्प्रोमाइज' नारे लगाए। इसके बाद क्या, पूरे देश की राजनीति में इस विरोध प्रदर्शन ने एक अलग माहौल खड़ा कर दिया। इस प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि एआई समिट का आयोजन भव्य तरीके से हुआ, जिससे विपक्ष घबरा गया है। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वह इस तरह के अंतरराष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम को राजनीति से ऊपर रखे और देश की तकनीकी उपलब्धियों को दुनिया के सामने रखने दे। दूसरी ओर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने भी कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी ने समिट में शर्मनाक तरीके से बाधा डालने की कोशिश की। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी आरोप लगाते हुए उन्हें इस पूरे घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार ठहराया।