अपनी शादी के लिए अमेरिका से स्वदेश आ रहे एक भारतीय नागरिक का पासपोर्ट खो जाने के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आज उसे मदद का भरोसा दिया। पासपोर्ट खोने के बाद डी रवि तेजा अमेरिका में फंस गए हैं। उन्होंने अपनी शादी का खुलासा करते हुए विदेश मंत्री को ट्वीट किया था। राजा की शादी अगस्त में है और वह अपनी शादी के लिए स्वदेश लौटने वाला था, लेकिन वह लौट पाता उससे पहले ही उसका पासपोर्ट वाशिंगटन में खो गया।
युवक द्वारा मदद मांगे जाने पर सुषमा ने भी मजाकिया अंदाज में ट्वीट किया, 'डी रवि तेजा, आपने बहुत गलत समय पर अपना पासपोर्ट खोया है। बहरहाल, आप अपनी शादी के लिए वक्त पर पहुंचें इसके लिए हम आपकी मदद करेंगे।' सुषमा ने अमेरिका में भारतीय राजदूत नवतेज सरना से मानवीय आधार पर इस व्यक्ति की मदद करने तथा शीघ्र उसे पासपोर्ट दिलाने को कहा है।
गौरतलब है कि तेजा ने सुषमा से मदद की गुहार लगाते हुए ट्वीट किया था, 'सुषमा स्वराज जी मेरा पासपोर्ट अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में खो गया है। आने वाले 13-15 अगस्त को मेरा विवाह है। मैं 10 अगस्त को यात्रा करने वाला था। कृपया मुझे समय से विवाह में शामिल होने में मदद कीजिए। आप मेरी एक मात्र उम्मीद की किरण हैं, जो भी जरूरी हो वो कीजिए।' युवक ने मदद के आश्वासन पर स्वराज का शुक्रिया भी अदा किया।