रतन टाटा ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर अपनी एक फोटो पोस्ट किया। उनके इस पोस्ट पर एक लड़की ने 'छोटू' लिखकर कमेंट किया। लड़की के इस कमेंट पर लोगों ने आपत्ति जताते हुए उसे ट्रोल कर दिया। साथ ही काफी लोगों ने नाराजगी जताई। लोग लड़की के कमेंट को आपत्तिजनक और शर्मनाक कह रहे थे। लेकिन थोड़ी ही देर में उनकी नाराजगी पर रतन टाटा ने जो जवाब दिया उससे सबको सीख मिली।
रतन टाटा की पोस्ट
रतन को इंस्टाग्राम से जुड़े अभी पांच महीने ही हुए हैं। उन्होंने इंटरनेट की इस दुनिया में शामिल होने पर खुशी का इजहार करते हुए अपनी फोटो के साथ मंगलवार को एक पोस्ट लिखा। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि यहां लोगों की संख्या एक मील के पत्थर तक पहुंच गई है। यह अद्भुत ऑनलाइन परिवार मेरी उम्मीदों से बेहतर है। जब मैंने इंस्टाग्राम ज्वाइन किया तो मुझे इतने प्यार की उम्मीद नहीं थी। मैं इसके लिए धन्यवाद देता हूं।
रतन टाटा ने कहा कि मेरा मानना है इंटरनेट के इस युग में आपके द्वारा बनाए जाने वाले कनेक्शन की गुणवत्ता किसी भी संख्या से कहीं अधिक है। आपके समुदाय का हिस्सा बनना और आपसे सीखना वास्तव में रोमांचक है और मुझे बहुत खुशी देता है। मुझे उम्मीद है कि हमारी यात्रा जारी रहेगी।
युवती की पोस्ट पर रतन टाटा का जवाब
टाटा की इस पोस्ट पर पांच लाख से अधिक लोगों ने लाइक व कमेंट किया है। युवती ने कमेंट करते हुए कहा- ‘मुबारक हो छोटू।’ अपने इस कमेंट में युवती ने हार्ट वाली इमोजी का भी प्रयोग किया। कमेंट करते ही अन्य लोगों ने युवती पर नाराजगी जाहिर की। उनके इस कमेंट को शर्मनाक और आपत्तिजनक करार दिया। इसके बाद रतन टाटा ने जो जवाब दिया, उससे सभी को सीख मिली।
रतन टाटा ने कहा कि इसमें नाराजगी वाली कोई बात नहीं। उन्होंने कहा, 'हम सभी में एक बच्चा होता ही है। इस युवती के साथ सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल करें।' रतन टाटा के जवाब आते ही युवती ने अपनी आलोचना वाले कमेंट का जवाब देते हुए लिखा, 'रतन टाटा हमारे लिए एक आदर्श हैं और वह उन्हें प्यार में जो चाहे बुला सकती हैं।'
मुझे उम्मीद है कि वह आगे भी कमेंट करती रहेगी : रतन
बुधवार को रतन टाटा ने अपने इंस्टाग्राम स्टेटस पर युवती की पोस्ट पर अपनी भावनाएं व्यक्त की। रतन ने लिखा कि एक युवती ने कल मेरी पोस्ट पर अपनी कुछ भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने मुझे कमेंट में 'छोटू' बुलाया था। जवाब में कुछ लोगों ने उसके लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
इससे वह अपमानित महसूस कर अपनी भावनाओं को डिलीट कर दिया। आगे उन्होंने लिखा कि मुझे उम्मीद है कि युवती आगे भी कमेंट करेंगी। रतन टाटा के इस जवाब की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।