दो दिन के गोरखपुर दौरे पर गए उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ वापस लौट चुके हैं। वह यूपी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर पहुंचे। अपने सीएम का गोरखपुर की जनता ने जोरदार स्वागत किया। सीएम ने गोरखपुर दौरे में कई बड़े ऐलान किए।
15 जून तक सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का आदेश
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों को 15 जून तक सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का आदेश दिया है। उन्होंने अफसरों को हिदायत देते हुए कहा कि पीडब्ल्यूडी का काम समय-सीमा में पूरा करना हमारी प्राथमिकता है। सीएम योगी ने बताया कि शहरों से लेकर गांवों तक सड़कें बिछाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने इसके लिए विभागीय अधिकारियों से कार्ययोजना भी मांगी।
तुष्टिकरण की राजनीति नहीं विकास की राजनीति होगी
आदित्यनाथ ने गोरखपुर में भी पार्टी के संकल्पपत्र में जनता से किए सभी वादों को पूरा करने की बात दोहराई। उन्होंने जोर देकर कहा कि हम सबका साथ, सबका विकास के नारे पर काम करेंगे। योगी ने ये भी कहा कि वो यूपी में तुष्टिकरण किसी का भी नहीं होने देंगे।
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए 1 लाख मुआवजा
योगी आदित्यनाथ
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए 1 लाख मुआवजा
योगी आदित्यनाथ ने कैलाश मानसरोवर यात्रा करने वाले हर तीर्थयात्री को प्रदेश सरकार की तरफ से एक-एक लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। इसके साथ ही नोएडा या गाजियाबाद में मानसरोवर हाउस बनाने का भरोसा भी मुख्यमंत्री ने दिया।
गुंडे सुधर जाएं या यूपी छोड़कर चले जाएं
उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह नगर पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने नगर प्रवास के दूसरे दिन एक कार्यक्रम को संंबोधित करते हुए कहा कि हमें 18 से 20 घंटे रोज काम करना होगा। सीएम ने असामाजिक तत्वों को सख्त चेतवानी देते हुए कहा, 'प्रदेश को लूटने वाले जेल जाएंगे। गुंडे सुधर जाएं या यूपी छोड़कर चले जाएं। वरना वहां भेज देंगे जहां कोई भी जाना नहीं चाहता।' इसके साथ ही सीएम ने अधिकारियों और प्रतिनिधियों को भी चेताया। उन्होंने कहा कि सरकार के लोग ठेकेदारी में भाग नहीं लेंगे वे केवल मॉनिटरिंग करेंगे।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा विकास
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगा विकास
सीएम योगी ने कहा कि वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाएंगे। भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता से जो वादा किया था, वह हर हाल में पूरा होगा। संकल्प पत्र पर अमल भी शुरू हो गया है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य होगा। हर गरीब, कमजोर, किसान, मजदूर को उनका वाजिब हक देना हमारी सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने ये भी कहा कि बेरोजगारी के कारण नौजवानों के पलायन को रोकने के लिए सरकार कदम उठाएगी।
ठेकेदारी नहीं मॉनिटरिंग करें
सीएम ने अधिकारियों और प्रतिनिधियों को चेताते हुए कहा कि सरकार के लोग ठेकेदारी में भाग नहीं लेंगे वे केवल मॉनिटरिंग करेंगे। बता दें कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनने के बाद से राज्य में कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कड़े फैसले ले रहे हैं।
पैसे के अभाव में गरीब लड़की की शादी नहीं रुकेगी
सीएम योगी ने गोरखपुर दौरे में ये भी ऐलान किया कि प्रदेश में गरीब परिवार की लड़कियों की शादी पैसों के अभाव में नहीं रुकेगी। हम इसके लिए अलग व्यवस्था बनाएंगे।