फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

योगेश गौड़ा हत्याकांड: शीर्ष कोर्ट ने पलटा हाईकोर्ट का फैसला, पूर्व विधायक को वापस जेल भेजा; जानें पूरा मामला

Wed, 25 Nov 2026 11:30 AM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

सुप्रीम कोर्ट ने योगेश गौड़ा हत्याकांड में कर्नाटक हाईकोर्ट का फैसला पलट दिया। कोर्ट ने पूर्व कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी समेत नौ दोषियों की जमानत रद्द कर दी। सभी को दो हफ्ते में आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया। पढ़िए रिपोर्ट
विज्ञापन
सुप्रीम कोर्ट (फाइल) - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कर्नाटक हाईकोर्ट का एक आदेश रद्द कर दिया। यह आदेश कांग्रेस के पूर्व विधायक विनय कुलकर्णी और आठ अन्य दोषियों से जुड़ा था। इन सभी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता योगेश गौड़ा की 2016 में हुई हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हाईकोर्ट ने उनकी उम्रकैद की सजा पर रोक लगा दी थी।
विज्ञापन


शीर्ष कोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया। साथ ही, कुलकर्णी और अन्य दोषियों को मिली जमानत भी रद्द कर दी। कोर्ट ने सभी को दो हफ्ते के भीतर संबंधित अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने हाईकोर्ट का आदेश रद्द किया। पीठ ने कहा, 'विशेष अनुमति याचिका से उत्पन्न इस आपराधिक अपील में चुनौती दिए गए आदेश रद्द किए जाते हैं। दोषी प्रतिवादी की ओर से दिए गए जमानत बंधपत्र (बांड) रद्द किए जाते हैं। उन्हें दो हफ्ते के भीतर संबंधित अदालत के सामने आत्मसमर्पण करना होगा'। 
विज्ञापन


पीठ ने यह भी कहा कि निचली अदालत के दोषसिद्धि के फैसले के खिलाफ दायर अपील पर हाईकोर्ट सुनवाई करेगा।

क्या था योगेश गौड़ा हत्याकांड?
भाजपा के जिला पंचायत सदस्य योगेश गौड़ा की जून 2016 में हत्या कर दी गई थी। धारवाड़ स्थित उनके जिम में यह वारदात हुई थी। शुरुआत में स्थानीय अधिकारियों ने मामले की जांच की। बाद में जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई।

ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट अपडेट: उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत यााचिका पर सुनवाई आज

सीबीआई ने 2020 में विनय कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने आरोप लगाया था कि राजनीतिक दुश्मनी इस हत्या की वजह थी। अगस्त 2021 में सुप्रीम कोर्ट ने कुलकर्णी को कुछ शर्तों के साथ जमानत दी थी। लेकिन जून 2025 में उनकी जमानत रद्द कर दी गई। अदालत को प्रथम दृष्टया ऐसे सबूत मिले थे, जिनसे संकेत मिलता था कि उन्होंने अभियोजन पक्ष के गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश की थी।

कब सुनाई गई थी उम्रकैद की सजा?
15 अप्रैल 2026 को बंगलूरू की एक विशेष अदालत ने कुलकर्णी और अन्य आरोपियों को दोषी ठहराया था। अदालत ने उन्हें हत्या और आपराधिक साजिश का दोषी पाया था। इसके दो दिन बाद अदालत ने कुलकर्णी और 15 अन्य लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। कुलकर्णी ने इस फैसले को कर्नाटक हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

31 जुलाई को हाईकोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी थी। साथ ही, उम्रकैद की सजा निलंबित कर उन्हें जमानत दे दी थी। उनकी अपील पर सुनवाई लंबित रहने तक यह राहत दी गई थी। इससे जुड़े मामलों में अन्य दोषियों की सजा पर भी रोक लगा दी गई थी।
विज्ञापन


कर्नाटक सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्यों दी चुनौती?
कर्नाटक सरकार ने कुलकर्णी की दोषसिद्धि पर रोक लगाने के हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। 9 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की याचिका पर नोटिस जारी किया था। इसके साथ ही सह-दोषियों की सजा निलंबित करने के फैसले को चुनौती देने वाली संबंधित याचिकाओं पर भी नोटिस जारी किया गया था। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का आदेश रद्द कर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें