देश के सभी मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों में योग दिवस मनाया जाएगा। बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने आदेश जारी करते हुए कहा कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश के सभी मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और निजी मेडिकल कॉलेजों में एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें एमबीबीएस, एमडी और नर्सिंग के अलावा सभी चिकित्सा छात्र और कॉलेज के कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
मुंबई-गोवा वंदे भारत का कल उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये मुंबई के मडगांव रेलवे स्टेशन से गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह देश की 19वीं वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। मडगांव रेलवे स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत मौजूद रहेंगे।
अमेरिकी राजदूत गार्सेटी ने की भाजपा अध्यक्ष नड्डा से मुलाकात
भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने बृहस्पतिवार को यहां केंद्र के सत्ताधारी दल भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर दोनों देशों के पारस्परिक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। भाजपा ने ट्वीट कर कहा कि यह मुलाकात पार्टी की ‘भाजपा को जानो’ पहल के तहत हुई। इसके तहत विभिन्न देशों के राजनयिकों को भाजपा की राजनीतिक यात्रा, उसकी विचारधारा, शासन का एजेंडा सहित कई अन्य विषयों के बारे में विस्तार से बताया जाता है। इससे पूर्व, गार्सेटी ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी अमेरिकी यात्रा भारत-अमेरिका संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने का एक अवसर होगी।
साइबर सुरक्षा, बढ़ते सफेदपोश अपराधों पर संसदीय समिति में हुई चर्चा
साइबर सुरक्षा और सफेदपोश अपराधों की बढ़ती घटनाओं के मसले पर वित्त मामलों पर संसदीय समिति की बैठक में चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने धोखाधड़ी ऋण एप समेत गैरकानूनी गतिविधियों के विभिन्न पहलुओं के बारे में विशेषज्ञों से सवाल जवाब किए।
आयुष से संबंधित 31 जड़ी-बूटियों और उत्पादों के मानक अधिसूचित
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने आयुष से संबंधित 31 भारतीय मानकों को अधिसूचित किया है जिसमें 30 जड़ी-बूटियां और एक उत्पाद (स्टेनलेस स्टील का नेति-पात्र) शामिल हैं। इन मानकों को हाल ही में गजट अधिसूचना के माध्यम से प्रकाशित किया गया था। बीआईएस ने आयुष के केंद्रीयकरण को समर्पित एक अतिरिक्त विभाग की भी स्थापना की है। आयुष मंत्रालय ने बीआईएस के इस कदम की सराहना की है। उसने कहा कि मानकों के विकास और आयुष के प्रमाणन के लिए बीआईएस का यह प्रयास उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं को भी लाभ पहुंचेगा।
2030 तक 2 लाख करोड़ डॉलर होगा सामान व सेवा का निर्यात : गोयल
देश का सामान और सेवा निर्यात 2030 तक दो लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच सकता है। ऐसे समय में लोगों और व्यवसायों के लिए बड़े अवसर खुलेंगे। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, पिछले दो वर्षों में देश का निर्यात 500 अरब डॉलर से बढ़कर 2022-23 में 767 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
गोयल ने एक कार्यक्रम में कहा, भारत आज 3.5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था है। 2047 तक कम से कम 35 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। कल्पना करें कि उस समय का भारत सभी लोगों के लिए क्या अवसर खोलेगा। पिछले वित्त वर्ष में भारत की अर्थव्यवस्था 7.2 फीसदी की दर से बढ़ी है।
पहलवानों को न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष : ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहलवानों के समर्थन में कहा, बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग पूरी होने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। मैं पहलवानों से आग्रह करूंगी कि वह अपना आंदोलन जारी रखें। उन्होंने कहा, यह लड़ाई जिंदगी, आजादी और मानवीय न्याय के लिए है।
केरल पीएफआई मामला : फरार अयूब टीए पर तीन लाख का इनाम
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने केरल पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) मामले में फरार आरोपी अयूब टीए की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने पर तीन लाख रुपये का नकद इनाम रखा है। एर्नाकुलम जिले का रहने वाला अयूब उस मामले की जांच के संबंध में वांछित है, जो केरल में पीएफआई, उसके पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों की गतिविधियों से संबंधित है।
छह लोगों को बरी करने को चुनौती देगी सरकार
गुजरात सरकार 2013 के एक दुष्कर्म मामले में स्वयंभू संत आसाराम की पत्नी, उसकी बेटी और उसके चार शिष्यों को बरी किए जाने को हाईकोर्ट में चुनौती देगी। इस मामले में आसाराम को आजीवन कारावास की सजा दी गई है। मामले में विशेष लोक अभियोजक आरसी कोडेकर ने बताया, राज्य के कानूनी विभाग ने छह मई को एक प्रस्ताव पारित किया और अभियोजन पक्ष इस मामले में छह आरोपियों को बरी करने के खिलाफ अपील दायर करने का निर्देश दिया। गांधीनगर की एक अदालत ने 31 जनवरी को आसाराम को उसकी पूर्व महिला शिष्या की ओर से 2013 में दर्ज कराए दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।