यस बैंक घोटाले से जुड़े मामले में वधावन बंधुओं को अब 29 अप्रैल तक सीबीआई की हिरासत में ही रहना होगा। सोमवार को एक विशेष अदालत ने सुनवाई के बाद कपिल वधावन और धीरज वधावन को सीबीआई की हिरासत में भेज दिया।
बता दें कि सीबीआई ने डीएचएफएल के प्रवर्तक कपित वधावन और आरकेडब्ल्यू डेवलपर्स के प्रवर्तक धीरज वधावन को एक दिन पहले ही हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया। कपित वधावन डीएचएफएल के प्रवर्तक और धीरज वधावन आरकेडब्ल्यू डेवलपर्स के प्रवर्तक हैं।
दोनों को रविवार को महाबलेश्वर स्थित पृथकवास केंद्र से गिरफ्तार किया गया था। उन्हें इस मामले में करीब 50 दिन पहले नामजद किया गया था। यस बैंक के सीईओ राणा कपूर को भी इस मामले में अभियुक्त बनाया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि वधावन को यहां एक विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें बुधवार 29 अप्रैल तक के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में भेज दिया।
मामले के अनुसार 62 वर्षीय कपूर ने कपिल वधावन के साथ मिलकर यस बैंक के माध्यम से डीएचएफएल को वित्तीय सहायता देने के लिए एक आपराधिक षड्यंत्र रचा, जिसके बदले कपूर और उनके परिवार को अनुचित लाभ मिला।