विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के विवाद निवारण ट्रिब्यूनल ने भारत के खिलाफ निर्यात सब्सिडी मसले पर अमेरिका की शिकायत की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। एक अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों द्वारा इस मसले को सुलझाने में नाकाम रहने के कारण इस समिति का गठन करना पड़ा।
अमेरिका ने इस साल मार्च में डब्ल्यूटीओ की पंचाट में यह कहते हुए शिकायत की थी कि भारत द्वारा निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन की घोषणा से अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हुआ है। अधिकारी ने बताया कि समिति के गठन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके कामकाज और समय सारिणी का ब्योरा प्रसारित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि दो राष्ट्र आपसी सहमति से हल नहीं निकाल पाते हैं तब शिकायतकर्ता डब्ल्यूटीओ की शिकायत निवारण समिति से इस मामले को निपटाने का आग्रह कर सकता है। भारत ने इस मामले में अमेरिका द्वारा डब्ल्यूटीओ में शिकायत को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। माना जा रहा है कि दोनों पक्षों में 11 अप्रैल को विचार-विमर्ष हुआ था। वर्ष 2017-18 में भारत का अमेरिका को निर्यात 47.9 अरब डॉलर है, जबकि इसी अवधि में आयात 26.7 अरब डॉलर रहा है।