नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) की ओर से क्लीन चिट मिलने के बाद पहलवान नरसिंह यादव ने मंगलवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन्हें भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद पीएम से मिलवाया।
नरसिंह के मुताबिक पीएम ने उनसे कहा कि वह बिना किसी तनाव के रियो ओलंपिक जाएं। अब उनका ध्यान देश के लिए ओलंपिक पदक जीतने पर होना चाहिए।
नरसिंह ने यह भी बताया कि पीएम ने उनसे कहा है कि उनके साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, नरसिंह पीएम से मुलाकात के बाद मुंबई लौट गए। कुश्ती संघ का कहना है कि नरसिंह इतने डरे हुए हैं कि उन्होंने फैसला लिया है कि न तो वह ओलंपिक की तैयारियों के लिए जार्जिया जाएंगे और न ही साई सेंटर सोनीपत में तैयारियां करेंगे।
उन्होंने मुंबई के कांदीवली सेंटर में आगे की तैयारियां करने का फैसला लिया है। हालांकि, यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की ओर से अब तक नरसिंह की एंट्री को स्वीकार नहीं किया गया है। कुश्ती संघ को उम्मीद है कि मंगलवार देर रात या फिर बुधवार को प्रवीण राणा के स्थान पर नरसिंह की एंट्री को स्वीकार कर लिया जाएगा।
दूसरी ओर नरसिंह तब तक रियो नहीं जा सकते हैं जब तक वह नाडा को डोप सैंपल देकर अपने को पाक-साफ साबित नहीं कर देते। सूत्र बताते हैं कि वह मंगलवार को नाडा को बिना सैंपल दिए ही मुंबई चले गए।
वहीं, नाडा की ओर से नरसिंह के पक्ष में आए फैसले की समीक्षा की जा रही है। नाडा के डीजी नवीन अग्रवाल का कहना है कि उनकी ओर से अब तक फैसले की समीक्षा की जा रही है। फैसले पर अपील करनी है या नहीं इसका निर्णय समीक्षा के बाद ही होगा।