शहर के मोहनलालपुर में करीब डेढ़ क्विंटल वजनी दीया बन रहा है। श्रीश्री महालक्ष्मी पूजा नवयुवक समिति और सूर्यकुंडधाम जीर्णोद्धार समित इसे तैयार करा रही है। इसके जरिये दोनों समितियों की कोशिश लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के साथ ही सनातन परंपरा में दीपदान का महत्व समझाने की है।
डेढ़ माह से इसे बनाने में लगे कुम्हार शिब्बनलाल प्रजापति और उनके सहयोगियों के मुताबिक इसमें लगभग 100 लीटर तेल डाला जा सकता है। इसमें बाती लगाने के लिए स्टैंड बनवाया जा रहा है। समिति की योजना इसे 31 अक्टूबर को सांसद योगी आदित्यनाथ के हाथों प्रज्ज्वलित कराने की है।
पूजा समिति के अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने बताया कि पंडाल पर रखा दीप विसर्जन के दिन प्रतिमा के साथ पूरे नगर में घुमाया जाएगा। इसके पीछे मंशा यह है कि लोग दीपदान का महत्व समझें। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक झालरों के उपयोग से होने वाले कार्बन उत्सर्जन के प्रति भी जागरूक हों। सूर्यकुंड धाम जीर्णोद्धार समिति के प्रवक्ता सुनील शर्मा, सचिव सुधाकर त्रिपाठी, पूजा समिति के महामंत्री अमरदीप गुप्ता ने बताया कि छठ पर इस दीप को सूर्यकुंड धाम पर सजाया जाएगा।