प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विश्व बैंक प्रमुख जिम योंग किम ने मुलाकात की। यह मुलाकात पोषण एवं नवीकरणीय ऊर्जा पर सरकार की पहल को समर्थन देने के लिये उपाय तलाशने के विश्व बैंक के प्रयास का हिस्सा है। बैठक के बाद जिम योंग ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक चमकता सितारा बनकर उभरा है और मुझे इससे बहुत खुशी है।
उन्होंने कहा, छह प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में जो प्रगति हुई है, हम उससे काफी खुश हैं। प्रधानमंत्री मोदी तथा उनके कैबिनेट ने अत्यंत कठिन और महत्वपूर्ण लक्ष्य तय किये हैं। मुझे यह प्रगति देखकर सुखद आश्चर्य हुआ है। किम ने कहा कि भारत के लिए विश्वबैंक द्वारा दिया जाने वाला कर्ज पिछले दो साल में उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है और पांच अरब डॉलर से अधिक रहा और अगले कुछ साल तक यह जारी रहेगा।
किम ने कहा, भारत की वृद्धि अब 7.6 प्रतिशत है और वास्तव में एक आकर्षक स्थल है तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था में कुछ आकर्षक स्थलों में से एक है। इससे पूर्व जिम योंग किम ने वित्त मंत्री अरूण जेटली, बिजली मंत्री पीयूष गोयल तथा वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमन से मुलाकात की और विभिन्न परियोजनाओं विशेषकर नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रा में वित्त पोषण बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।