चीन सीमा पर अब महिला योद्धाओं की तैनाती
- फोटो : अमर उजाला प्रिन्ट/एजेंसी
भारत- तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) चीन से लगती सीमा यानी एलएसी पर 10 चौकियां स्थापित करेगी, जिनकी कमान सिर्फ महिलाओं योद्धाओं के हाथ में रहेगी। इनमें से दो चौकियां स्थापित होने की प्रक्रिया में हैं, जबकि आठ अन्य कुछ समय बाद संचालित होंगी।
आईटीबीपी 3,488 किलोमीटर लंबी भारत-चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की रक्षा करती है, जो बेहद दुर्गम और बर्फीला सीमांत क्षेत्र है। एक लाख से ज्यादा कर्मियों वाली आईटीबीपी की सीमा चौकियां 9,000 से 14,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित हैं। जम्मू में आयोजित बल की 64वीं स्थापना दिवस परेड के दौरान शनिवार को आईटीबीपी के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने कहा, महिला योद्धाओं की भूमिका बढ़ाने के लिए आईटीबीपी लद्दाख के लुकुंग और हिमाचल प्रदेश के थांगी में महिला कर्मियों वाली दो सीमा चौकियां स्थापित करने की प्रक्रिया में है। इस मोर्चे पर आठ और महिला चौकियां संचालित की जाएंगी।