महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का बयान सामने आया है। उन्होंने पीएम मोदी को अपना स्टार प्रचारक बताया है। पवन खेड़ा ने कहा कि हम पीएम मोदी को अपना स्टार प्रचारक मानते हैं, वह कहते रहते हैं कि कांग्रेस महिला आरक्षण बिल के खिलाफ है, लेकिन मैं आपको याद दिला दूं कि 1989 में जब राजीव गांधी ने राज्यसभा में इस बिल का प्रस्ताव रखा था। इसका विरोध बीजेपी नेताओं अटल बिहारी वाजपेई, लाल कृष्ण आडवाणी, जसवन्त सिंह ने किया। यह बिल उस समय पारित हो सकता था, लेकिन उनके नेताओं ने इसका विरोध किया।
खुद को ठगा महसूस कर रही है देश की आधी आबादी
इससे पहले कांग्रेस नेता अलका लांबा का भी बयान सामने आया था। उन्होंने कहा था कि महिला आरक्षण आवश्यक है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर समर्थन करती है। महिला आरक्षण बिल पास हो गया, किंतु यह समझना आवश्यक है कि केंद्र सरकार की माने तो भी 2029 से पहले महिला आरक्षण संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार यह खुद स्वीकार कर रही है कि क्रियान्वयन 2029 से पहले नहीं होगा तो संसद का विशेष सत्र बुलाना, ताम-झाम व साज-सज्जा केवल वाहवाही लूटने के लिए की गई। किंतु देश की आधी आबादी अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
क्या है महिला आरक्षण बिल
गौरतलब है कि बिल के लागू होने से प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों में 23 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी। पार्टी ने कहा, 23 महिलाएं विधानसभा पहुंचेंगी। इससे महिलाएं राजनीतिक तौर पर सशक्त होंगी।
साथ ही 33 फीसदी आरक्षण मिलने से देश के सर्वोच्च सदन में महिलाओं के लिए 181 सीटें आरक्षित हो जाएंगी। उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य में भी 70 में से 23 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी।