फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कर्नाटक: ‘कावेरी विवाद पर कर रहे राजनीति’, सिद्धारमैया का भाजपा-जेडीएस पर पलटवार

Tue, 26 Sep 2023 03:49 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

सिद्धारमैया ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा और जेडीएस कावेरी विवाद पर राजनीति कर रहे हैं। वे राज्य के लोगों के लिए नहीं बल्कि राजनीति के लिए मामले को बढ़ा रहे हैं।
विज्ञापन
Siddaramaiah
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को विपक्षी भाजपा और जेडीएस पर कावेरी विवाद का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। साथ ही, इन आरोपों को खारिज कर दिया कि उनकी सरकार इस मुद्दे पर विफल रही है। उन्होंने पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के साथ विवाद के समाधान के रूप में कावेरी नदी पर मेकेदातु संतुलन जलाशय के निर्माण और संकट के समाधान के लिए जल बंटवारे के फॉर्मूले के महत्व को दोहराया।

बता दें, तमिलनाडु के लिए कावेरी नदी का पानी छोड़े जाने के विरोध में भाजपा और जेडीएस द्वारा समर्थित किसानों और कन्नड़ संगठनों द्वारा बुलाए गए बंगलूरू बंद का मंगलवार को आंशिक असर देखने को मिला। हालांकि, अधिकतर सार्वजनिक सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं। वहीं, कुछ लोग घरों के अंदर ही रह रहे हैं।

उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा और जेडीएस कावेरी विवाद पर राजनीति कर रहे हैं। वे राज्य के लोगों के लिए नहीं बल्कि राजनीति के लिए मामले को बढ़ा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को विरोध करने और बंद का आह्वान करने का अधिकार है, लेकिन अदालत ने इसपर रोक लगा दी है। इसलिए धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी कानून को अपने हाथ में न ले और जनता को कोई परेशानी न हो।

सिद्धारमैया ने कहा कि उन्हें प्रदर्शन करने दीजिए, हम इसके विरोध में नहीं हैं। लेकिन इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए और राजनीतिक लाभ के लिए इसका इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। यह राज्य के हित में नहीं है।

जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी द्वारा कर्नाटक कांग्रेस को तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक की 'बी टीम' कहे जाने पर सिद्धारमैया ने सवाल किया कि वह भाजपा (जेडीएस की नई गठबंधन सहयोगी) को क्या कहेंगे जो अभीतक तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन में थी।

गौरतलब है, पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस प्रमुख एचडी देवगौड़ा ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कावेरी मुद्दे के समाधान के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की है। 

इस पर सिद्धारमैया ने कहा, ‘मैंने इसका स्वागत किया है, लेकिन यह आरोप लगाना कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर विफल रही है यह मात्र राजनीति है।’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यहां के लोगों और किसानों के हितों की रक्षा करने में कभी पीछे नहीं रही है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सत्ता महत्वपूर्ण नहीं है, लोगों के हित महत्वपूर्ण हैं। हम इसमें दृढ़ता से विश्वास करते हैं।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें