केरल में एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। कोझिकोड जिले में एक महिला ने 14 साल के अंतराल में अपने ही परिवार के छह सदस्यों की हत्या सिलसिलेवार तरीके से कर दी। मामले में पुलिस ने तीन लोगों की गिरफ्तारी भी की है।
पुलिस ने बताया कि महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। महिला का नाम जॉलीअम्मा है। उन्होंने बताया कि तीनों को फिलहाल केवल जॉली के पति रॉय थॉमस की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सभी छह हत्या के मामले में जॉली के खिलाफ सबूत जुटाने में लगी है। जॉली के अलावा गिरफ्तार किए गए दो अन्य आरोपियों एमएस मैथ्यू और प्राजी कुमार पर जॉली को सायनाइड उपलब्ध कराने का आरोप है।
कोझिकोड जिले के ग्रामीण इलाके के प्रभारी केजी साइमन ने बताया कि रॉय की मौत के बाद उनके शव का परीक्षण कराया गया था। इस दौरान उनके शरीर में सायनाइड पाया गया था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों पर पांच और हत्याओं के लिए भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। बता दें कि रॉय थॉमस की मौत साल 2011 में हुई थी।
इसके अलावा रॉय की मां अनम्मा की साल 2002 में, उनके पिता टॉम थॉमस की साल 2008 में , चाचा मैथ्यू मंचडी की साल 2014 में और उनके चचेरे भाई शाजू की पत्नी सिली की साल 2016 में और उनकी भतीजी अल्फाइन की साल 2014 में मौत हुई थी। इन 14 साल के दौरान हुई इन छह मौतों को लोग अब तक प्राकृतिक मानते रहे लेकिन ऐसे में पुलिस के खुलासे ने सभी को हैरान कर दिया है। रॉय के परिजन भी इसे नैचुरल डेथ ही मानते रहे लेकिन उन्हें इन मौतों पर संदेह तब हुआ जब रॉय की मौत के बाद जॉली उनकी प्रॉपर्टी पर कब्जा करने की कोशिश में थी।