महिला ने टार्च की रोशनी में दिया बच्चे को जन्म।
- फोटो : social media
केंद्र सरकार भले ही विकास के तमाम दावे करती हो, लेकिन आंध्र प्रदेश में एक ऐसा मामला सामने आया है जो इन दावों की हकीकत बयान करने के लिए काफी है। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में लोग इन दिनों भारी बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। जिसके चलते शहर के नरसीपट्टनम क्षेत्र में एक महिला ने एनटीआर सरकारी अस्पताल में आधी रात को सेल फोन, टार्च और मोमबत्तियों की रोशनी में बच्चे को जन्म दिया। ये मामला बुधवार को बताया जा रहा है। हालांकि शुक्रवार को ये मामला सबके सामने आया।
जानकारी के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के अनकापल्ले के नवगठित जिले में पिछले दो दिनों से लोग बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं। यहां स्थित सरकारी एनटीआर अस्पताल में अंधेरा छाया हुआ है। वहीं इस अस्पताल में मोमबत्ती और टॉर्च की रोशनी में महिला की डिलीवरी कराने की घटना सामने आई है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नवजात बच्चे के साथ मोमबत्ती और टॉर्च की रोशनी में बैठी एक महिला को दिख रही है।
जानकारी के मुताबिक इस मामले में अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि महिला जब अस्पताल लाई गई तब वह प्रसव पीड़ा से परेशान थी। रखरखाव के अभाव में अस्पताल का जनरेटर भी खराब हो गया था। ऐसे में महिला के परिजनों से ज्यादा से ज्यादा प्रकाश की व्यवस्था करने के लिए कहा गया था।