चार युवकों ने एक महिला को आंटी बोला तो उसने पुलिस बुला ली। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी चारों युवकों को थाने ले आए, हालांकि महिला के लिखित शिकायत न देने पर युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
मामला कमला नेहरू नगर स्थित नशा मुक्ति केंद्र का है। शनिवार दोपहर नशा मुक्ति केंद्र से एक महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि कुछ युवकों ने उससे छेड़छाड़ की है। सूचना पर पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) वहां पहुंची और चारों आरोपी युवकों को पकड़कर कविनगर थाने ले आई। महिला ने पुलिस को बताया कि युवक उसे आंटी कहकर छेड़ रहे हैं।
पढ़ें- हर दो किमी पर तैनात रहेंगी पीआरवी-लैपर्ड
उन्होंने एक बार नहीं, बल्कि कई बार आंटी कहकर बुलाया। कविनगर एसएचओ समरजीत सिंह ने बताया कि थाने में लिखित शिकायत न देने पर युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। उधर, युवकों ने छेड़छाड़ के आरोपों से इंकार किया।