गुजरात की एक महिला ने अपने पूर्व पति पर बलात्कार करने और शीलभंग का आरोप लगाया है। पति अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहता है। दोनों पिछले एक साल से तलाक के बावजूद साथ रह रहे थे। 46 साल की महिला वडोदरा में अकाउंटेंट है। उसका आरोप है कि पूर्व पति ने दोबारा शादी का झांसा देते हुए उसके साथ संबंध स्थापित किए।
एनआरआई पति इन आरोपो को खारिज करते हुए दावा कर रहा है कि उसकी पूर्व पत्नी को यह भनक लग गई कि वह दूसरी शादी कर रहा है। इसीलिए वह उसपर जानबूझकर ऐसे आरोप लगा रही है। यूएस बेस्ड पति ने वडोदरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज होने के बाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। कोर्ट ने पुलिस को मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। इसके साथ ही आरोपी पति को गिरफ्तार ना करने को कहा है।
इस अजीबोगरीब परिस्थिति को देखते हुए कोर्ट ने दोनों को समझौता करने के लिए कहा लेकिन पूर्व दंपत्ति ऐसा करने में असफल रहे। वहीं पुलिस ने पिछले महीने ही आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दायर कर दी थी। शिकायत में महिला ने बताया है कि 1996 में उसकी शादी
अमेरिकी नागरिक से हुई थी। शादी के 6 महीने बाद दोनों कैलिफोर्निया में रहने लगे। साल 2007 में उनकी एक बेटी हुई।
ससुराल वालों से लगातार झगड़ा होने की वजह से दोनों ने 2015 में अलग होने का फैसला लिया था। पूर्व पति पर आरोप है कि उसने साथ रहने के लिए पत्नी को राजी कर लिया और जल्द ही दोबारा शादी करने का वादा किया था। उसने कहा था कि केवल मां को खुश करने के लिए वह उससे तलाक ले रहा है। इसी वजह से दोनों अमेरिका में तलाक के बावजूद साथ रहते थे। 2016 में जब महिला बेटी के साथ भारत वापस आ गई तो पूर्व पति भारत आने पर उसके वडोदरा स्थित घर में रहा था।