कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व पीएम मनमोहन सिंह व गुलाम नबी आजाद भी समारोह के दौरान मौजूद रहेंगे। शपथग्रहण समारोह में इस बार डेढ़ गुना ज्यादा यानी 6000 मेहमानों को बुलाया गया है।
ममता का यूटर्न : सॉरी, शपथ में नहीं आऊंगी...धरने पर बैठेंगी
पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की बात कहने वाली पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक दिन बाद ही यूटर्न ले लिया। पीएम को भेजे खत में उन्होंने लिखा कि नए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आपको बधाई।
सांविधानिक आमंत्रण पर मैंने समारोह में शामिल होने का फैसला किया था लेकिन कुछ मीडिया रिपोर्ट में देखा कि भाजपा दावा कर रही है कि बंगाल में 54 राजनीतिक हत्याएं हुई हैं। यह पूरी तरह से झूठ है।
बंगाल में कोई राजनीतिक हत्या नहीं हुई है। इसलिए, मैं क्षमा चाहती हूं नरेंद्र मोदी, इसने मुझे शपथ ग्रहण समारोह से दूर रहने को मजबूर कर दिया। शपथ ग्रहण का मौका लोकतंत्र के उत्सव का होता है न कि किसी दूसरी पार्टी को महत्वहीन साबित करने और उसके खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध निकालने का।
वहीं वह बृहस्पतिवार को उत्तर 24 परगना के नैहाटी नगरपालिका के सामने धरने पर बैठेंगी। खबरों के अनुसार, वह तृणमूल कांग्रेस के उन कार्यकर्ताओं के समर्थन में धरना देंगी जो चुनाव के दौरान हुई हिंसा की वजह से बेघर हो गए हैं।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल नहीं होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। सीएम बघेल ने कहा- पीएम मोदी को बधाई देना चाहता हूं। पहले से तय कार्यों में व्यस्त होने के कारण मैं शपथ ग्रहण समारोह में नहीं जा पाऊंगा। मैंने बाद में पीएमओ से मिलने का वक्त मांगा है।
बंगाल हिंसा में मारे गए 54 भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजन भी आएंगे
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का शिकार के हुए 54 भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों के परिजनों को भी समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इन परिवारों के लोग बुधवार को कोलकाता से ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। इस कदम को अगले साल होने वाले कोलकाता नगर निगम और 2021 विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलवामा शहीदों के परिजन भी आमंत्रित
पुलवामा में 14 फरवरी को हुए हमले में शहीद सीआरपीएफ जवानों के परिजनों को भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बृहस्पतिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिये फिल्म, खेल और उद्योग जगत की कई मशहूर हस्तियों को न्योता भेजा गया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इनमें फिल्म स्टार शाहरुख खान और रजनीतकांत, पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल शामिल हैं।
सूत्रों ने बताया कि नामचीन उद्योगपतियों मुकेश अंबानी, गौतम अडानी और रतन टाटा को भी समारोह में शामिल होने के लिये आमंत्रित किया गया है। वहीं पूर्व धावक पी टी ऊषा, क्रिकेटर राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ, हरभजन सिंह, बेडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल, बेडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद और जिम्नास्ट दीपा करमाकर को भी न्योता भेजा गया है।
इसके अलावा फिल्मी सितारों कंगना रनौत, संजय लीला भंसाली, करण जौहर को निमंत्रण भेजा गया है। अंबानी, अडानी और टाटा के अलावा उद्योगपतियों अजय पिरामल, जॉन चैम्बर्स और बिल गेट्स भी आमंत्रित हैं। सूत्रों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रबंध निदेशक एवं चेयरमेन क्रिस्टीन लेगार्ड को भी न्योता भेजा गया है।