आईटी कंपनी विप्रो को एक महीने के अंतराल के बाद फिर से बॉयोलोजिकल हमले की धमकी देने के मामले में बंगलुरू पुलिस की सीआईडी ने गृह मंत्रालय से मदद मांगी है। कंपनी को यह धमकी कंपनी को ई-मेल के माध्यम से दी गई थी। धमकी देने वाले शख्स ने 500 करोड़ रुपये बिटक्वॉइन करेंसी में मांगे हैं और 72 घंटे की समयसीमा तय की है।
कंपनी के बंगलुरू स्थित हेड ऑफिस में मेल के जरिए शुक्रवार को भेजी गई थी। सीआईडी साइबर क्राइम ब्रांच ने कंपनी की तरफ से मिली शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सीआईडी को आशंका स्विटजरलैंड से नहीं आया ई-मेल
सीआईडी को शक है कि गुमराह करने के लिए फिरौती मांगने वाले शख्स ने वीपीएन का प्रयोग किया है, जिससे उसका ट्रेस यूरोप में दिख रहा है। पुलिस को शक है कि यह कंपनी के ही किसी अंदरुनी व्यक्ति का काम है। पुलिस ने इस मामले में कंपनी के अधिकारियों से मदद मांगी है, जिससे वो संदिग्ध कर्मचारियों से पूछताछ हो सके। पुलिस ने आईटी एक्ट के सेक्शन 66F के तहत मामला दर्ज कर लिया है।